प्रयागराज। एंग्लो बंगाली इंटरमीडिएट कॉलेज का वार्षिकोत्सव आज विद्यालय परिसर में अत्यंत उत्साहपूर्ण, सांस्कृतिक और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य-प्रस्तुतियों से हुआ। इन प्रस्तुतियों का निर्देशन प्राथमिक संवर्ग से श्रीमती तनुजा एवं श्रीमती तुहिना द्वारा किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने कविता-पाठ सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सजीवता प्रदान की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा मंचित नाटक ‘चंद्रशेखर आज़ाद की शहादत’ रहा। श्रीमती रेखा दत्ता एवं श्रीमती स्मिता दत्ता के निर्देशन में तैयार किए गए अंग्रेज़ी गीत को छात्रों ने गिटार वादन के साथ अत्यंत मधुर और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रो रामेन्दु रॉय, प्रो असीम मुखर्जी व प्रधानाचार्य ने विद्यालय के पुरातन दो छात्रों शंकर चटर्जी व डॉ शैलेन्द्र कुमार मिश्र को शॉल, स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया।
41 वर्षों तक कॉलेज में अपनी सेवा दे चुके लिपिक रामचन्द्र को भी प्रधानाचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष रमेंदु राय ने कहा कि यह विद्यालय उनके लिए केवल एक संस्था नहीं, बल्कि स्मृतियों और संस्कारों का केंद्र रहा है, क्योंकि वे स्वयं भी इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं। विद्यालय के प्रबंधक प्रोफेसर असीम मुखर्जी, प्रबंध समिति के सदस्य शंकर चटर्जी, डॉ. शैलेन्द्र कुमार मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य स्वास्तिक बोस ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper