कुशीनगर, 07 जनवरी । जनपद के लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके पात्र उत्तराधिकारियों 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उक्त जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी चन्द्र प्रकाश ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में लोकतंत्र सेनानियों का गोल्डन कार्ड बनाए जाने हेतु यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर 9 जनवरी को प्रातः 11 बजे से कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएमओ कार्यालय, रविन्द्रनगर, कुशीनगर में आयोजित होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित लोकतंत्र सेनानियों से अपील किया है कि वे अपने साथ आधार कार्ड, लोकतंत्र सेनानी पहचान पत्र तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर अवश्य लेकर शिविर में उपस्थित हों, ताकि नियमानुसार उनका गोल्डन कार्ड/स्वास्थ्य कार्ड मौके पर ही तैयार किया जा सके। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील किया है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper