सुल्तानपुर। जनपद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना लंभुआ क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा, नकदी और दो कारें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार तस्कर होंडा सिटी कार में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैम्बर का इस्तेमाल कर गांजा की तस्करी कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार के भीतर बने छिपे चैम्बर से 33 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी से अर्जित 3 लाख 25 हजार रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए हैं। मौके से दो कारों को सीज किया गया है, जिनका इस्तेमाल गांजा की ढुलाई में किया जा रहा था। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस पूछताछ में तस्करों ने गांजा को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में थाना लंभुआ पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper