लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।अखिलेश यादव ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी मजबूती से काम करें। एसआईआर का दूसरा चरण चल रहा है, नए वोट बनाए जा रहे हैं, ऐसे में यह आवश्यक है कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची पर पूरी नजर रखें और किसी भी तरह की चूक न होने दें। हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल कराना पार्टी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए मतदाताओं से फार्म-6 भरवाएं, ताकि कोई भी मतदाता अधिकार से वंचित न रहे।अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेईमानी और लूट भाजपा की फितरत बन चुकी है और वह जनता को गुमराह करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाएं बर्बाद हो चुकी हैं। महिला अपराध और साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं, जबकि नौजवानों के सामने नौकरी और रोजगार का संकट खड़ा है। भाजपा शासन में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर पहुंच चुकी है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की सच्चाई को समझ चुकी है और समाजवादी पार्टी पर भरोसा जता रही है। वर्ष 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे पूरी ताकत से संगठन को मजबूत करेंगे और 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने के लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध होकर काम करेंगे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper