अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचारयुक्त गड्ढामुक्त अभियान की पोल रोज खुल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों तक सड़कों के गड्ढों में गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछले नौ वर्षों से सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। गड्ढामुक्त अभियान के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, परंतु सड़कों की हालत में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं देता।
अखिलेश यादव ने नोएडा में कार के खुले नाले में गिरने और उससे पहले एक इंजीनियर की मौत की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने सवाल किया कि जब इतनी बड़ी राशि खर्च हो चुकी है, तो सड़कों की स्थिति इतनी खराब क्यों है। उनके अनुसार भाजपा सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और बजट का बंदरबांट हो रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि प्रदेश में सरेआम हत्याएं हो रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि महिला अपराध, साइबर अपराध और दलित अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है, जो बेहद चिंताजनक और शर्मनाक स्थिति है। सरकार द्वारा अपराध और भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह झूठा साबित हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और विकास योजनाओं में भी भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है तथा योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन को भ्रष्ट बना दिया गया है और ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार व्याप्त है।निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि सरकार निवेश के नाम पर प्रचार तो कर रही है, लेकिन जमीन पर न तो नई फैक्ट्रियां दिख रही हैं और न ही रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निवेश के नाम पर कमीशनखोरी चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.