अयोध्या में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित,


लखनऊ,  17 दिसम्बर, 2025: चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा अयोध्या, देवीपाटन और प्रयागराज मण्डल की स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित बैठक में की गई। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त कार्यालय सभागार, अयोध्या में सुबह 10.30 बजे आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। प्रदेश के अन्य मंडलों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा शीघ्र की जाएगी।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के सक्रिय सहयोग से आयोजित बैठक में अपर मुख्य सचिव ने समीक्षा के लिए विकसित चेकलिस्ट एवं डैशबोर्ड के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा इकाइयों में महिला और पुरुष के लिए अलग शौचालय, सिटीजन चार्टर, शिकायत पेटिका, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और मिनी स्किल लैब की उपलब्धता पर बल दिया। औषधियों की सुचारू आपूर्ति के लिए डी0वी0डी0एम0एस0 पोर्टल के माध्यम से समय पर इंडेंट करने का निर्देश भी दिया गया।अपर मुख्य सचिव ने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का स्वयं और अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ अनुश्रवण करें। मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश ने शत प्रतिशत चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यकतानुसार आयुष एवं बीडीएस चिकित्सकों की सेवाओं का उपयोग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा तकनीकी मानव संसाधन को तत्पर रहने, चिकित्सा इकाइयों के साइन बोर्ड और जियो टैगिंग, अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन और प्री-रिकार्डेड संदेशों के प्रसारण के निर्देश भी दिए गए।बैठक से पूर्व 13-15 दिसम्बर 2025 की अवधि में अयोध्या मण्डल द्वारा प्रयागराज, प्रयागराज मण्डल द्वारा देवीपाटन और देवीपाटन मण्डल द्वारा अयोध्या मण्डल की चिकित्सा इकाइयों का स्थलीय पर्यवेक्षण किया गया। इन दलों में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य मुख्यालय के अधिकारी एवं विशेषज्ञ शामिल थे। दलों ने मण्डलों के सभी जिला चिकित्सालयों, 177 सामुदायिक स्वास्थ्य इकाइयों, 523 प्राथमिक स्वास्थ्य इकाइयों और 2743 आयुष्मान आरोग्य मंदिर/उपकेन्द्रों का स्थलीय भ्रमण कर रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में एसेंशियल ड्रग, पेयजल, चिकित्सकीय सेवा-सुविधा, मानव संसाधन, तीमारदारों के लिए सुविधाएं, साफ-सफाई और स्वास्थ्य योजनाओं की वर्तमान स्थिति शामिल की गई।बैठक में डॉ. पिंकी जोवल, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश, श्री राजेश कुमार, मंडलायुक्त, अयोध्या मण्डल, डॉ. रतन पाल सिंह सुमन, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, डॉ. पवन कुमार अरूण, महानिदेशक, परिवार कल्याण, डॉ. एच.डी. अग्रवाल, महानिदेशक, प्रशिक्षण, डॉ. उज्ज्वल कुमार, मेनेजिंग डायरेक्टर, उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड, श्री कृष्ण कुमार सिंह, सीडीओ अयोध्या सहित मण्डलीय अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के महाप्रबंधक उपस्थित रहे। राज्य और जनपद स्तर के अन्य अधिकारी व कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से मीटिंग में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.