अयोध्या विधानसभा क्षेत्र की विधायक खेल प्रतियोगिता का आयोजन…


अयोध्या। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जानकारी दी कि विधानसभा क्षेत्र की विधायक खेल प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 20 व 21 दिसंबर को डाभासेमर स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्ग के अंतर्गत महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के बीच विभिन्न खेल मुकाबले आयोजित होंगे। इनमें वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी तथा एथलेटिक्स की ट्रैक व फील्ड स्पर्धाएं शामिल रहेंगी।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेल प्रोत्साहन नीति से देश-प्रदेश में खेल संस्कृति को नया आयाम मिला है। विधायक खेल प्रतियोगिता उसी सोच का स्थानीय स्तर पर विस्तार है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से अब तक लगभग एक हजार खिलाड़ी आवेदन कर चुके हैं। जो खिलाड़ी किसी कारण वश ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाएंगे, वे आयोजन स्थल पर भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे, ताकि कोई भी इच्छुक खिलाड़ी अवसर से वंचित न रहे। विजयी खिलाडियों को प्रशस्ति पत्र व पुरूस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है । कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण, अनुशासनपूर्ण व्यवस्था और उत्साहवर्धक माहौल मिले, जिससे वे पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन कर सकें। प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मसौधा रोशनी श्रीवास्तव व अभिषेक चौबे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.