उत्तर प्रदेश की संस्कृति और चेतना की भव्य प्रस्तुति 

प्रयागराज। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित सत्कार समिट में आज संस्था विजय बेला एक कदम खुशियों की ओर, लखनऊ द्वारा चन्द्रभाष सिंह के निर्देशन में उत्तर प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, ऐतिहासिक चेतना और राष्ट्रीय भावना को समर्पित नृत्य-नाटिका बूँद-बूँद मिलकर बने लहर का प्रभावशाली मंचन देशभर से आये युवा दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया। 

इस नृत्य-नाटिका में राम की मर्यादा, कृष्ण का प्रेम, अवध की तहज़ीब, ब्रज की माधुर्य और स्वतंत्रता संग्राम की ज्वाला को भावपूर्ण नृत्य, संगीत और सशक्त नरेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का आरंभ शुभ मंगलाचरण गीत शुभ दिन आयो रे से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद लखनऊ की पहचान- अवध की लोक संस्कृति, शेरो-शायरी, नवाबों की नज़ाकत, सिपाहियों की तलवार और पायलों की झंकार को कथक नृत्य के माध्यम से जीवंत किया गया।

नृत्य-नाटिका में अयोध्या, मथुरा और वृंदावन की सांस्कृतिक यात्रा को भावनात्मक रूप से दर्शाया गया। दर्शकों और अतिथियों ने नृत्य-नाटिका की भावनात्मक गहराई, विषय चयन और कलाकारों के अनुशासित प्रस्तुतीकरण की मुक्तकंठ से सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.