एलआईसी के मंडल कार्यालय पर गरजे बीमाकर्मी

प्रयागराज। ऑल इंडिया इंश्योरेंस इम्प्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को सिविल लाइंस स्थित एलआईसी के मंडल कार्यालय के सामने बीमाकर्मियों ने सभा की। 12 फरवरी को होने वाली देशव्यापी हड़ताल से पहले सभा कर कर्मचारियों ने चारों श्रम संहिताओं के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लिया।

इलाहाबाद डिविजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज यूनियन के अध्यक्ष व हड़ताल के संयोजक अविनाश कुमार मिश्र ने कहा कि श्रम संहिताएं श्रमिकों की गुलामी का प्रतीक है। इनके लागू हो जाने के बाद देश के 70 फीसदी उद्योग व 90 फीसदी श्रमिक श्रम कानून के दायरे से बाहर हो जाएंगे। यूनियन के महामंत्री संतोष विश्वकर्मा ने कहा कि 12 को होने वाली हड़ताल में इलाहाबाद मंडल के छह जिलों की सभी 19 शाखाओं में तालाबंदी रहेगी।

एलआईसी फेडरेशन के महामंत्री एसके रस्तोगी ने कहा कि संहिताएं लागू करके केंद्र सरकार श्रमिकों को डराना चाहती है लेकिन श्रमिक हड़ताल करके उन्हें चुनौती पेश करेंगे। सभा के दौरान श्रम कानून वापस लो के नारे लगाए गए। संचालन अविनाश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। 

सभा में अजय सचदेवा, पारिजात चौधरी, सुनीता सिंह, निशा मिश्रा, मोनिका तिवारी, दीक्षा सिंह, अनिल कुमार, सृष्टि ओझा, निखिल पांडेय, आशीष सिंह, विशाल जायसवाल, मनोज सक्सेना, रामचंद्र यादव व प्रेम प्रकाश सहित आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.