करोड़ों के गृहकर बकाए : सरकारी संस्थान सील


लखनऊ में नगर निगम द्वारा बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर सोमवार को नगर निगम जोन–4 की टीम ने एक अहम कदम उठाते हुए सरकारी विभाग के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की। इस कार्रवाई से नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कर वसूली के मामले में किसी भी स्तर पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी।जोन–4 की यह कार्रवाई जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें नेशनल ब्यूरो ऑफ फिश जेनेटिक रिसोर्स (एनबीएफजीआर) परिसर को सील कर दिया गया। नगर निगम के अनुसार उक्त संस्थान पर लंबे समय से 1 करोड़ 36 लाख 65 हजार 932 रुपये का गृहकर बकाया था। बकाया वसूली को लेकर कई बार नोटिस और पत्राचार किए गए, लेकिन निर्धारित समयावधि में कर जमा न होने के कारण नगर निगम को यह कठोर कदम उठाना पड़ा।नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि राजस्व वसूली को लेकर अब किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाहे बकाएदार निजी हो या सरकारी विभाग, नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।सीलिंग की इस कार्रवाई के दौरान कर अधीक्षक, कर निरीक्षक सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों, संस्थानों और विभागों से अपील की है कि वे समय से अपने करों का भुगतान करें, ताकि इस तरह की अनिवार्य और कड़ी कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.