चोरी की घटना का हुआ खुलासा, बाल अपचारी धराये


लालगंज, उदयपुर पुलिस ने पीड़ित के घर चोरों द्वारा एक लाख नकदी समेत जेवरात चोरी को लेकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। थाना क्षेत्र के मुबारकपुर राजापुर निवासी केशवराम पुत्र छोटेलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह रोजीरोटी के सिलसिले मे लखनऊ रहता है। बीती अठारह जनवरी की रात अज्ञात बदमाश उसके घर में दीवार तोड़कर घुस गये। बदमाशों ने घर में रखा एक लाख नकद तथा सोने चांदी के जेवरात उड़ा लिये। पीड़ित को गांव के हीरालाल पुत्र दुखी व अन्य लोगों ने घटना की सूचना दी। वह घर आया तब चोरी की वारदात देखकर आवाक रह गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं उदयपुर पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि इन आरोपियो के पास से चोरी गया कंगन, कान की बाली, अंगूठी, आधा दर्जन टप व दो हजार सात सौ पचासी रूपये नकद बरामद करने में सफलता मिली है। थाने के दरोगा संजय यादव सोमवार को फोर्स के साथ गश्त पर निकले थे। थाना क्षेत्र के राजापुर कोट मोड़ के पास आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.