लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती पर आयोजित किसान सम्मान दिवस समारोह में अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन अन्नदाता किसानों के हित में समर्पित रहा। उनका विश्वास था कि “जब तक किसान गरीब रहेगा, तब तक भारत अमीर नहीं हो सकता। ग्रामीण भारत ही असली भारत है।”मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और प्रगतिशील किसानों, एफपीओ व उन्नत कृषि में योगदान देने वाले कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत 25 किसानों को ट्रैक्टर वितरित कर उन्हें झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही भारत रत्न चौधरी चरण सिंह सीड पार्क के प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित कर किसानों के मान, गौरव और गरिमा को बढ़ाया। राज्य सरकार उनकी सोच को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से प्रदेश में लघु एवं सीमांत किसानों के लिए कृषि ऋण मोचन कार्यक्रम लागू किया गया और किसानों को प्रत्येक योजना का लाभ प्राथमिकता पर दिया जा रहा है। परिणामस्वरूप धान, गेहूं, चना, सरसों, बाजरा और मक्का का उत्पादन कई गुना बढ़ा है और लागत कम हुई है। अब किसान अपनी फसल का मूल्य स्वयं तय कर सकते हैं, अन्यथा सरकार उसकी फसल खरीदेगी।मुख्यमंत्री ने भूमि सुधार, जमींदारी उन्मूलन, मंडी अधिनियम, होल्डिंग अधिनियम, पटवारी व्यवस्था उन्मूलन, उर्वरक बिक्री कर मुक्ती और काम के बदले अनाज कार्यक्रम जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के लिए लखनऊ में सीड पार्क तथा बाराबंकी में टिश्यू कल्चर लैब स्थापित की जा रही है।मुख्यमंत्री ने उच्चतम उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों का नाम भी लिया। धान के लिए कमलनाथ, गेहूं के लिए बीजेन्द्र कुमार सिंह, चना के लिए आशीष तिवारी, मटर के लिए राम किशुन, सरसों के लिए हीरालाल, अरहर के लिए रणधीर सिंह, ज्वार के लिए अमरेश कुमार और विशिष्ट महिला किसान के रूप में संध्या सिंह को सम्मानित किया। एफपीओ श्रेणी में कुलदीप मिश्रा और विकास कुमार सिंह तथा कृषि वैज्ञानिक डॉ. धीरज तिवारी को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, उद्यान राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper