पीएम मोदी और ट्रंप की बीच हुई बातचीत…


नई दिल्ली , भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रेड डील का सोमवार को ऐलान हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की कि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। दरअसल, भारत पर कुल मिलाकर 50 प्रतिशत टैरिफ लागू था। इसमें रूस से तेल खरीदने के कारण अगस्त में लगाए गए 25 प्रतिशत पेनल्टी टैरिफ भी शामिल था। अमेरिका अब भारत पर केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा और रूसी तेल खरीद के कारण लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ हटा लिया जाएगा। इस तरह भारत पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत रह गया है।
ट्रम्प ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रेड डील की घोषणा की। ट्रम्प ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं।
ट्रम्प के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर भारत वेनेजुएला से भी तेल खरीद सकता है। इसके अलावा ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से 46 लाख करोड़ रुपये यानी 500 अरब डॉलर से अधिक का सामान खरीदेगा। ट्रम्प की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ङ्ग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का धन्यवाद।
ट्रम्प ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। ट्रम्प ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल की खरीद बंद करने पर सहमति जताई है और भारत अब अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा। इसके अलावा वेनेजुएला से तेल खरीदने की संभावना पर भी बातचीत हुई, जिससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिल सकती है।
ट्रम्प ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की दोस्ती, सम्मान और उनके अनुरोध पर अमेरिका और भारत के बीच तुरंत ट्रेड डील पर सहमति बनी है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगाया जाने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा, जबकि भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाने की दिशा में कदम बढ़ाएगा। साथ ही भारत अमेरिका से ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की 500 अरब डॉलर से अधिक की खरीद करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ङ्ग पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रम्प से बातचीत कर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना बेहद संतोषजनक है। इस फैसले के लिए उन्होंने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का आभार जताया।
मोदी ने आगे कहा कि जब दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र और प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो इसका सीधा लाभ दोनों देशों के लोगों को मिलता है और सहयोग के नए अवसर खुलते हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.