लखनऊ। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप और पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के नेतृत्व में पंचायती राज विभाग प्रदेश की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी क्रम में ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत करते हुए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक डिजिटल पहल को धरातल पर उतारा गया है, जिससे ग्रामीण नागरिकों को सीधे अपने गांव में ही महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है।प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्लॉक सरोजनीनगर की ग्राम पंचायत भटगनवां पांडेय तथा चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवाएं सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई हैं। इन दोनों ग्राम पंचायतों में अब तक 40 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इस सुविधा के शुरू होने से ग्रामीणों को अब आधार अपडेट, संशोधन और अन्य सेवाओं के लिए शहरों या दूरस्थ केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।पंचायती राज विभाग की यह पहल पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाओं की सहज, पारदर्शी और सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा और दूरगामी कदम मानी जा रही है। विभाग की योजना के अनुसार पहले चरण में प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके बाद इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा, ताकि हर गांव के नागरिकों को डिजिटल सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके।इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत सहायकों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अब तक 800 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष पंचायत सहायकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया तेजी से जारी है। प्रशिक्षित पंचायत सहायक ग्राम स्तर पर नागरिकों को आधार सेवाएं उपलब्ध कराकर पंचायतों को एक सशक्त सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।इस अवसर पर पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल न केवल समय और संसाधनों की बचत करेगी, बल्कि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने कहा कि विभाग ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आधार सेवाओं की यह शुरुआत पंचायतों को नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में इसका लाभ प्रदेश के हर गांव तक पहुंचेगा।ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवाओं की यह पहल डिजिटल इंडिया के संकल्प और सशक्त पंचायतों की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक सफल, प्रेरणादायक और परिवर्तनकारी शुरुआत मानी जा रही है, जो भविष्य में ग्रामीण प्रशासन और सेवा वितरण की तस्वीर को पूरी तरह बदलने वाली है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper