भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की‌ मनाई गई जयंती…

प्रयागराज। विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर प्रयागराज में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेई एवं भारतरत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र- छात्राओं के साथ जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ कार्यालय एवं मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के पश्चात दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन से हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने विद्यालय की परीक्षाओं में अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को दोनों महापुरुषों के बारे में संबोधित करते हुए बताया कि अटल बिहारी वाजपेई हिन्दी कवि, पत्रकार व एक प्रखर वक्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में एक थे, और 1968 से 1973 तक उसके अध्यक्ष भी रहे। पं. मदन मोहन मालवीय के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्रणेता तो थे ही और इस युग के आदर्श पुरुष भी थे। वे भारत के पहले और अन्तिम व्यक्ति थे जिन्हें महामना की सम्मानजनक उपाधि से विभूषित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेई जी की रचना “कदम मिलाकर चलना होगा” की संगीतमय प्रस्तुति से भाव विभोर कर दिया तथा इस गीत में छात्र-छात्राओं ने भी  उनके सुर में सुर मिलाया। कार्यक्रम का संचालन सत्य प्रकाश पाण्डेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.