भूमि विवाद में चाकू से हमला,युवक घायल


जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव उस समय हिंसा में बदल गया, जब एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले के दौरान एक व्यक्ति द्वारा तमंचा निकालकर गोली चलाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन मौके पर किसी के वीडियो बनाते देख वह असलहा सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही  पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चोरसंड भेजा। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।बताते है कि कबीरूद्दीनपुर के आलोक राय और हर्ष राय का अपने पट्टीदार संजीव राय से भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुधवार को आलोक राय के घर आए एक रिश्तेदार के लौटते समय संजीव राय के घर की ओर देखने पर संजीव राय ने उससे पूछताछ कर ली। इसी बात को लेकर गुस्साए आलोक राय, हर्ष राय और उनके घर की महिलाओं सहित अन्य लोगों ने संजीव राय को घेरकर उस पर हमला कर दिया।आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से संजीव राय के दाहिने कंधे पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान हमलावर पक्ष का एक युवक तमंचा निकालकर फायरिंग करने ही वाला था कि वीडियो बनाए जाते देख वह मौके से भाग निकला। थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि तमंचा दिखाए जाने की पुष्टि हुई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.