राज्य युवा उत्सव 2025-26 में लोकगीत,


लखनऊ ,उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा आयोजित राज्य युवा उत्सव 2025-26 का भव्य आयोजन राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दिनांक 22 दिसंबर से 24 दिसंबर, 2025 तक चल रहा है। इस वर्ष उत्सव में कल्चरल ट्रैक, इनॉवेशन ट्रैक और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 23 दिसंबर को लोकगीत, लोकनृत्य, कविता लेखन और साइंस मेला का आयोजन प्लूटो, मर्करी और अर्थ ऑडिटोरियम में किया गया। साइंस मेले में प्रदेश के सभी मण्डलों से कुल 27 टीमों ने भाग लिया, जबकि लोकगीत और लोकनृत्य में 18 मण्डलों की टीमों ने अपनी प्रस्तुति दी।लोकगीत और लोकनृत्य विधाओं में प्रतिभागियों ने मनोहर प्रस्तुतियाँ दी। लोकगीत में मिर्जापुर मण्डल ने कजरी, आगरा मण्डल ने रसिया, अलीगढ़ मण्डल ने बृज, सहारनपुर मण्डल ने नकटा जैसी लोकप्रिय धुनें प्रस्तुत की। गोरखपुर मण्डल के युवा प्रतिभागियों ने छपरिया पूर्वी और चित्रकूट मण्डल ने लेज, लमटेरा एवं फाग के मिश्रित लोक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।लोकनृत्य में भी युवा प्रतिभागियों ने ऊर्जावान प्रदर्शन किया। आगरा मण्डल ने बृज नृत्य, लखनऊ मण्डल ने देवी पचरा, कानपुर मण्डल ने कजरी, बरेली मण्डल ने मयूर, आजमगढ़ मण्डल ने धोबिया, वाराणसी मण्डल ने अवधी और गोरखपुर मण्डल ने बारवाई लोकनृत्य प्रस्तुत किया। चित्रकूट मण्डल के राई विथा नृतकों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में युवा प्रतिभागियों ने रचनात्मक विचार और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। कविता लेखन में युवा मन के सपनों, राष्ट्रीय धरोहर और राष्ट्र संस्कृति की थीम पर रचनाएँ प्रस्तुत की गईं। पेंटिंग प्रतियोगिता में नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली पर आधारित रचनाओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने रंगों से अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति की।साइंस मेले में प्रतिभागियों ने नवाचार और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। गोरखपुर मण्डल की टीम ने वाहनों से होने वाली दुर्घटना से बचाव हेतु आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल, मिर्जापुर ने ड्रोन आधारित राहत कार्य, अलीगढ़ ने महिला सुरक्षा के लिए विद्युत आधारित स्लीपर, बस्ती मण्डल ने स्मार्ट व्हील चेयर और इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित स्ट्रेचर, अयोध्या मण्डल ने मिनी क्रॉप कटर मशीन और चित्रकूट मण्डल ने वेस्ट टू वेल्थ आधारित मॉडल्स प्रस्तुत किए। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों द्वारा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थानों के विजेताओं का चयन किया जाएगा।राज्य युवा उत्सव का अंतिम दिन 24 दिसंबर को डिक्लेमेशन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। आयोजन के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र और विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।इस अवसर पर सचिव/महानिदेशक  सुहास एल.वाई., संयुक्त निदेशक श्री अशोक कुमार कनौजिया, उप निदेशकगण, विभागीय मण्डलीय अधिकारी, निर्णायकगण और अन्य शासन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।राज्य युवा उत्सव ने युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें अपनी कला, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रदर्शित करने का अवसर दिया और कार्यक्रम अत्यंत भव्य और सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.