सनी देओल की दहाड़ से फिर दहला पाकिस्तान


साल 2026 की मच अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस वॉर ड्रामा का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब रिलीज से एक हफ्ते पहले मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी किया है।
फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। जब भारत की सेना, नौसेना और वायु सेना एक साथ मिलकर लड़ती हैं। 3 मिनट 35 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत में दिखता है कि सनी देओल पर पाकिस्तानी सेना तोप तान देती है। लेकिन सनी देओल की आंखों में डर की जगह जोश और जज्बा दिखता है। इसके बाद सनी देओल की दमदार आवाज में डायलॉगबाजी शुरू होती है। जिसमें सनी देओल कहते हैं, ‘फौजी के लिए बॉर्डर सिर्फ नक्शे पर खींची हुई एक लकीर नहीं है। बल्कि एक वादा है अपने देश से कि जहां वो खड़ा है, उसके आगे कोई नहीं जाएगा। न ही दुश्मन, न ही उसकी गोली और न ही उसका इरादा।’ ट्रेलर में सनी देओल दमदार डायलॉगबाजी करते और जवानों में जोश भरते नजर आते हैं। उनका किरदार काफी हद तक ‘बॉर्डर’ के किरदार की ही तरह है।
इसके बाद ट्रेलर में एंट्री होती है वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की। वरुण धवन थल सेना में हैं, दिलजीत वायु सेना और अहान नेवी ऑफिसर के किरदार में हैं। ट्रेलर में सनी देओल के अलावा वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ भी डायलॉग मारते नजर आते हैं। युद्ध की कहानी और भारतीय सेना की वीरता को दिखाते इस ट्रेलर में फिल्म के सभी किरदारों की झलक दिखती है। ट्रेलर में अहान शेट्टी के खाते में डायलॉग कम हैं। ट्रेलर में तीनों सेनाओं के जज्बे को दिखाया गया है। लेकिन ट्रेलर प्रमुख रूप से ध्यान सनी देओल पर केंद्रित है।
ट्रेलर में जज्बे और हौसले के साथ इमोशन को भी दिखाया गया है। फौजियों के परिवार की झलक भी दिखाई गई है। कैसे जब एक फौजी जंग पर जाता है, तो उसके परिवार पर क्या बीतती है। ट्रेलर में फिल्म की फीमेल एक्ट्रेस सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा की झलक भी दिखती है। हालांकि, आन्या सिंह ट्रेलर में नजर नहीं आती हैं।
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित और जेपी दत्ता द्वारा प्रोड्यूस की गई ये ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। फिल्म साल 2026 की पहली बड़ी फिल्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.