सरोजनीनगर में सांसद खेल महोत्सव….

लखनऊ। सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी स्थित जय जगत पार्क में सांसद खेल महोत्सव एवं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा निरंतर आयोजित सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग (चरण–8) के अंतर्गत इंटर-स्कूल एवं इंटर-क्लब फुटबॉल चैम्पियनशिप का भव्य ग्रैंड फिनाले उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें समर्पित रहा, जिससे कार्यक्रम में विशेष भावनात्मक और प्रेरक वातावरण देखने को मिला।इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल के मैदान में युवाओं का जो चरित्र निर्माण होता है, वही उन्हें जीवन भर सही दिशा देता है। खेल से मिलने वाला स्वास्थ्य और अनुशासन जीवन भर साथ रहता है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि वर्ष 2004 में लखनऊ में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के परिसर की स्थापना अटल जी के दूरदर्शी खेल-विजन का परिणाम थी। आज उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के नेतृत्व में सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन देशभर में आयोजित हो रहे हैं, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और खेल मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में सांसद खेल महोत्सव अब देशव्यापी स्तर पर एक मजबूत अभियान बन चुका है। उन्होंने सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कराया, बल्कि सांसद खेल महोत्सव को भी उत्कृष्ट स्तर तक पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यों के आधार पर प्रदेश की अग्रणी विधानसभा का चयन किया जाए, तो सरोजनीनगर निश्चित रूप से शीर्ष पर होगी।डॉ. दिनेश शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि “जो आता है, उसे अपनाकर अपने अनुरूप गढ़ लेना” – इस विचार को डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपनी कार्यशैली में आत्मसात किया है और यही कारण है कि उनके प्रयास दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं। उन्होंने के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित खेल महोत्सव के अनुभव साझा करते हुए बताया कि रस्साकशी और वॉलीबॉल जैसे खेलों में सरोजनीनगर के खिलाड़ियों ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।उन्होंने कहा कि जहां एक ओर भाजपा खेलों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है, वहीं विपक्ष जातिवाद और विभाजन की राजनीति में उलझा हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां पहले युवाओं के हाथों में हथियार थमाए जाते थे, आज सरोजनीनगर में उनके हाथों में फुटबॉल, हॉकी स्टिक और बैडमिंटन रैकेट दिए जा रहे हैं। जहां कभी इनाम का अर्थ भय होता था, आज बच्चे 25 हजार और 50 हजार रुपये के पुरस्कार जीत रहे हैं। यही बदलते भारत और बदलते सरोजनीनगर की सशक्त तस्वीर है।सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग के अब तक के सफर पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि खेलों को यहां जन-आंदोलन का रूप दिया गया है। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का मानना है कि खेल बच्चों को हार को सम्मान के साथ स्वीकार करना, जीत को विनम्रता से अपनाना, टीमवर्क और गिरकर फिर से उठने का साहस सिखाते हैं। उनका सपना है कि मोबाइल फोन से पहले हर हाथ में फुटबॉल, बैट और रैकेट हो, ताकि युवा पीढ़ी शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बन सके।इसी सोच के तहत सांसद खेल महोत्सव और सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग (चरण–8) के अंतर्गत आयोजित इंटर-स्कूल और इंटर-क्लब फुटबॉल चैम्पियनशिप का शुभारंभ 3 नवंबर को किया गया था, जिसका भव्य ग्रैंड फिनाले बुधवार को जय जगत पार्क में सम्पन्न हुआ। इस चैम्पियनशिप में कुल 44 टीमों, जिनमें 22 इंटर-स्कूल और 22 इंटर-क्लब टीमें शामिल रहीं, ने भाग लिया और कुल 45 रोमांचक मुकाबले खेले गए।ग्रैंड फिनाले में इंटर-स्कूल वर्ग में स्टेला मैरिस और इंटर-क्लब वर्ग में टेक्ट्रो एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा विजेता टीमों को 50 हजार रुपये, उपविजेता टीमों को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।गौरतलब है कि युवाओं को फिट, अनुशासित और सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से 4 दिसंबर 2022 को अंडर-19 गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट के माध्यम से सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग की शुरुआत की गई थी। अब तक क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों की आठ चरणों में अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं, जिनके माध्यम से हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.