प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सर्किट हाउस के सभागार में माघ मेला-2026 के तैयारियों के प्रगति की समीक्षा की तथा सभी सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने माघ मेला अधिकारी से माघ मेला की तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि हमारी सरकार के पूर्व माघ मेले के आयोजन के लिए आवंटित किए जाने वाले बजट में लगभग 200 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इस बार माघ मेले के आयोजन हेतु 90 करोड़ रूपये आवंटित किया गया है, इसलिए माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों, कल्पवासियों, संत-महात्माओं एवं संस्थाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा एवं परेशानी नहीं आने पाये, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित करा ली जाये।
बैठक में माघ मेलाधिकारी ऋषिराज ने उपमुख्यमंत्री को माघ मेला-2026 से सम्बंधित प्रमुख गतिविधियों एवं माघ मेले की बसावट हेतु की जा रही तैयारियों की विभागवार प्रगति की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के0 सिंह, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, डॉ0 के0पी0 श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष भाजपा संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, माघ मेलाधिकारी ऋषिराज, अपर मेलाधिकारी दयानंद प्रसाद सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper