मेरठ। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (एमसीटीएस एल) ने शहरवासियों को बेहतर और अधिक सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। 1 फरवरी 2026 से कंपनी की सभी 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसें मेरठ शहर की सीमा के भीतर ही संचालित होंगी।
यह बदलाव शहर के भीतर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे पूर्व कुछ बसें शहर के बाहर के मार्गों पर भी अपनी सेवाएं दे रही थीं लेकिन अब उनका पूरा ध्यान शहरी क्षेत्रों पर केंद्रित होगा।
महत्वपूर्ण इलाकों को आपस में जोड़ेंगे ये रूट
इस नई व्यवस्था के तहत, 50 इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े का उपयोग शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा। इन मार्गों को इस प्रकार डिज़ाइन किया गया है कि वे मेरठ के महत्वपूर्ण इलाकों, मेडिकल कॉलेज, मेट्रो स्टेशनों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक केंद्रों को आपस में जोड़ सकें। इससे यात्रियों को आवागमन में आसानी और किफायती सुविधा प्राप्त होगी। कंपनी के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सचिन सक्सेना द्वारा जारी इस आदेश के माध्यम से शहर की बस सेवा को अधिक व्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इन रूटों पर दाैड़ेंगी बसें
-मेडिकल कॉलेज से सिटी स्टेशन: इस मार्ग पर 6 बसें चलाई जाएंगी, जो मरीजों और अन्य यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेंगी।
-बेगमपुल से भूड़बराल (रोहटा रोड होते हुए): इस रूट पर 8 बसें संचालित होंगी।
-बेगमपुल से भूड़बराल (मेट्रो प्लाजा के माध्यम से): इस मार्ग के लिए भी 8 बसों का आवंटन किया गया है, जो यात्रियों को एक वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेंगी।
-मेडिकल कॉलेज गढ़ रोड से सिवाया टोल, फिर नॉर्थ ईस्ट मेट्रो स्टेशन: यह रूट सबसे अधिक बसों वाला होगा, जिसमें 16 बसें यात्रियों की सेवा करेंगी।
-मेडिकल कॉलेज से कांशी गांव (परतापुर के पास), बेगमपुल के माध्यम से: इस मार्ग पर 2 बसें संचालित की जाएंगी।
-बेगमपुल से रिठानी मेट्रो स्टेशन (एचआरएस चौक, शॉप्रिक्स मॉल होते हुए): इस महत्वपूर्ण मार्ग पर 6 बसें उपलब्ध होंगी।
-बेगमपुल से गंगा सागर (वाया साकेत चौपला, आईआईएमटी यूनिवर्सिटी): इस रूट के लिए 2 बसों का आवंटन किया गया है।
-बेगमपुल से किला रोड (मेरठ कॉलेज, कमिश्नर कार्यालय, जेल चुंगी होते हुए): इस मार्ग पर भी 2 बसें संचालित होंगी, जो शहर के प्रशासनिक और शैक्षणिक केंद्रों को जोड़ेगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper