लखनऊ: 11 जनवरी, 2026मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक और रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा 12 जनवरी 2026 से राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 75 जनपदों से चयनित 1,651 से अधिक प्रतिभागी 20 विभिन्न कौशल क्षेत्रों में अपनी दक्षता दिखाएंगे।व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष, नवाचारी और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता युवाओं की प्रतिभा को पहचानने का सशक्त माध्यम है और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में मदद करती है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता ‘इंडिया स्किल्स कंपटीशन–2026’ चयन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि 12 और 13 जनवरी 2026 को आयोजित प्रथम चरण में लगभग 570 प्रतिभागी भाग लेंगे, जो एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन टेक्नोलॉजी, सीएनसी मिलिंग और सीएनसी टर्निंग जैसे 6 कौशल क्षेत्रों में अपनी दक्षता प्रदर्शित करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन प्रतिभागियों को उनके कौशल से संबंधित विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण, वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता की जानकारी और उन्नत मशीनों पर अभ्यास कराया जाएगा, जबकि वास्तविक मुकाबला 13 जनवरी 2026 को होगा।उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की प्रतियोगिता लखनऊ स्थित आईटीआई अलीगंज, आईटीआई मोहनलालगंज, आईटीओटी, रेमंड सेंटर, राजकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई चारबाग, पॉलिटेक्निक (महिला) और सीआईपीईटी सहित विभिन्न संस्थानों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक चरण में प्रतिभागियों की कौशल दक्षता, नवाचार, रचनात्मक सोच और प्रदर्शन क्षमता का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि प्रदेश की श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया जा सके। इन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ शंघाई, चीन में आयोजित होने वाली विश्व कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper