हैदराबाद में अखिलेश यादव का भव्य स्वागत, ‘विजन इंडिया:

लखनऊ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे, जहां उनका पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और हजारों समर्थकों ने बेहद गर्मजोशी और भव्य तरीके से स्वागत किया। अखिलेश यादव के रथ पर सवार होकर निकलते ही सड़कों के दोनों ओर खड़े लोगों ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।अखिलेश यादव शनिवार को हैदराबाद में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित “विजन इंडिया: एआई समिट” में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम आधुनिक भारत की तकनीकी दिशा, एआई की भूमिका और प्रगतिशील राजनीतिक दृष्टिकोण पर केंद्रित है।हैदराबाद पहुंचने पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत आज एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां आम लोगों को हर कदम पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए समाजवादी पार्टी ने ‘विजन इंडिया’ का रास्ता चुना है, जो एक सकारात्मक, यथार्थवादी और प्रगतिशील भविष्य का मार्ग तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि देश को राजनीतिक विभाजन से नहीं, विजन और तकनीकी प्रगति से आगे बढ़ने की जरूरत है।अखिलेश यादव ने एआई (आर्टिफ़िशियल इंटेलीजेंस) की बढ़ती भूमिका पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि कृषि, चिकित्सा और तकनीकी जगत में एआई का प्रभाव अभूतपूर्व रूप से बढ़ रहा है। हैदराबाद इस क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर है, जहां तकनीक के विकास में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। इसी कारण समाजवादी पार्टी ने विजन इंडिया एआई समिट का आयोजन यहां किया है, ताकि नई तकनीक पर प्रगतिशील चर्चा हो सके।इसी दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर यूपी में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब तीन करोड़ वोट काटे जाने की तैयारी है, जो लोकतंत्र के खिलाफ एक खतरनाक षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि “एसआईआर प्रक्रिया एनआरसी का दूसरा रूप है। भाजपा लोगों को कागज़ ढूंढवाने और परेशान करने की कोशिश कर रही है। आधार कार्ड जिसमें रेटिना और फिंगरप्रिंट सहित पूरी जानकारी है, उसे भी मान्य नहीं किया जा रहा है।”अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की राजनीति जनता को परेशान रखने की राजनीति है। उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई और कोविड काल के कुप्रबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि अब एसआईआर के जरिए लोगों का वोट खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब नागरिकों का वोट ही नहीं बचेगा तो लोकतंत्र कैसे बचेगा?उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिया गया वोट का अधिकार ही सामाजिक न्याय, आरक्षण और समानता का आधार है, जिसे भाजपा छीनने की साजिश कर रही है।वंदे मातरम् के सवाल पर अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ दल पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “जिन्होंने आजादी के आंदोलन में वंदे मातरम् नहीं गाया, जिन्हें तिरंगा तक पसंद नहीं था, वे आज वंदे मातरम् की बात कर रहे हैं।”
तेलंगाना की राजनीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर और पूर्व मंत्री केटीआर उनके साथी हैं, और वे हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं तथा आगे भी रहेंगे।हैदराबाद पहुंचने पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवन्त रेड्डी भी अखिलेश यादव से मिले और उन्होंने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। अखिलेश यादव का यह दौरा न केवल सियासी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि दक्षिण भारत में समाजवादी पार्टी की बढ़ती सक्रियता का संकेत भी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.