रामपुर से ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ की हुंकार,


रामपुर,लखनऊ। भाजपा द्वारा लोकतंत्र और संविधान पर किए जा रहे सुनियोजित हमलों के खिलाफ रामपुर की धरती से एक निर्णायक संघर्ष की शुरुआत हुई। आम आदमी पार्टी की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ रविवार को आसरा कॉलोनी, पहाड़ी गेट, रामपुर से हुआ। प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गांधी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर वोट और संविधान की रक्षा की इस लड़ाई का संकल्प लिया। उनके नेतृत्व में शुरू हुई यह छह दिवसीय पदयात्रा जनता को संगठित कर वोट चोरी और संविधान को कमजोर करने की साजिशों के खिलाफ जनआंदोलन का रूप ले रही है।
पदयात्रा की शुरुआत के मौके पर संजय सिंह ने कहा कि बापू ने अपने पूरे जीवन में अहिंसा, भाईचारे और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया। आज उसी विचारधारा को बचाने का संकल्प रामपुर की धरती से लिया गया है। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति से न देश बन सकता है और न समाज। यह पदयात्रा सिर्फ पैदल मार्च नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की हुंकार है, जो सड़क से संसद तक गूंजेगी।आसरा कॉलोनी, पहाड़ी गेट पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर साढ़े तीन करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के वोट छीने जा रहे हैं। इसी साजिश के खिलाफ यह पदयात्रा शुरू की गई है, क्योंकि अब यह लड़ाई केवल चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि वोट, संविधान, लोकतंत्र और स्वाभिमान को बचाने की है।संजय सिंह ने कहा कि वोट की ताकत ही वह शक्ति है, जिसके सामने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को झुकना पड़ता है। जिस दिन वोट का अधिकार खत्म हो जाएगा, उस दिन सत्ता लाठी के दम पर जनता को कुचल देगी। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान ने राष्ट्रपति और गांव के मजदूर के वोट की कीमत एक समान तय की है, लेकिन आज उसी अधिकार पर डाका डाला जा रहा है।उन्होंने मुरादाबाद में बीएलओ सर्वेश सिंह की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि अत्यधिक दबाव में आकर उन्होंने रोते हुए वीडियो बनाया और जान दे दी। देशभर में 40 से अधिक बीएलओ आत्महत्या कर चुके हैं, लेकिन भाजपा सरकार को केवल वोट चोरी के अपने लक्ष्य की चिंता है। संजय सिंह ने रामपुर की 80 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला नूरजहां का उदाहरण देते हुए कहा कि नियमों के अनुसार एसआईआर फॉर्म भरने के बावजूद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जो सत्ता की संवेदनहीनता और क्रूरता को उजागर करती है।भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि संसद में प्रदूषण से हर साल होने वाली 20 लाख मौतों, बेरोजगारी, किसानों को खाद न मिलने, रुपये की गिरावट और बीएलओ की मौत जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से सरकार भागती है। सरकार केवल वंदे मातरम् और नफरत की राजनीति पर बात करना चाहती है। उन्होंने मनरेगा में भ्रष्टाचार, महात्मा गांधी के नाम को योजनाओं से हटाने, स्कूल बंद करने और डिटेंशन सेंटर की योजनाओं पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस दिन आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, सबसे पहले स्कूलों और अस्पतालों को मजबूत किया जाएगा।
संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि यह छह दिवसीय पदयात्रा रोजगार, किसान, मजदूर और वोट चोरी जैसे हर मुद्दे पर सरकार को बेनकाब करेगी और यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा। यह पदयात्रा 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक चलेगी, जो रामपुर से शुरू होकर मुरादाबाद और अमरोहा तक जाएगी। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह जनसभाएं और जनसंवाद आयोजित कर आम जनता को वोट और संविधान बचाने की लड़ाई से जोड़ा जाएगा।पदयात्रा के पहले दिन का समापन रात्रि विश्राम के साथ हुआ। यात्रा अपने पहले पड़ाव पर जे.आर. पैलेस, अंबेडकर पार्क के पास, सीआरपीएफ के सामने, मुरादाबाद रोड, रामपुर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया और पदयात्रा में शामिल होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.