उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की बैठक में हुए शामिल,

सुल्तानपुर। उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक में जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिले के प्रमुख 25 निवेशकों को आमंत्रित न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख निवेशकों के साथ अलग से बैठक आयोजित की जाए।

डीएम कुमार हर्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशानुसार जिले के औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

बैठक में जर्जर सुपर मार्केट चौक, अतिक्रमण की समस्या, बिना जीएसटी भुगतान के खुर्शीद क्लब में संचालित प्रदर्शनी, तथा चौक क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा दुकान के सामने की पटरी को अवैध रूप से किराए पर देने जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए। व्यापारिक संगठनों ने अतिक्रमण के कारण व्यापारियों को हो रहे आर्थिक नुकसान का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से राहत की मांग की। वहीं चौक क्षेत्र में ई-रिक्शा प्रतिबंध को लेकर पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन सभी वर्गों के हितों का समान रूप से ध्यान रखते हुए रोजी-रोटी और रोजगार को प्राथमिकता देता है। डीएम ने व्यापारियों से स्वयं अतिक्रमण हटाकर सड़कों को साफ रखने की अपील की और संकेत दिए कि जिला प्रशासन जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान चलाने जा रहा है। अतिक्रमणकारियों और अवैध कब्जाधारियों पर भारी जुर्माना लगाने व कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवी प्रसाद सोनी और स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने व्यापारी, मजदूर और पटरी दुकानदारों के बीच संतुलन बनाने की मांग उठाई। वहीं किराना व्यापार मंडल के अध्यक्ष आलोक सागर द्वारा चलाए जा रहे व्यापार बचाओ अभियान पर भी चर्चा हुई। अतिक्रमण हटाने और व्यापारियों के हितों को लेकर व्यापारी संगठनों के नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जिसे जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने किसी तरह नियंत्रित किया।

कुल मिलाकर उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की यह बैठक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। बैठक के बाद आम चर्चा का विषय यह रहा कि व्यापारी नेताओं द्वारा मुद्दे अपने-अपने स्वार्थ के अनुसार उठाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.