लखनऊ/गोरखपुर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को कहा कि 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी कार्यकर्ता 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गोरखपुर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्वागत और अभिनंदन समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं के उत्साह और प्रेम से अभिभूत चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं।भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन ही पार्टी की पहचान है और इसे बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत 2027 में पार्टी को दिलाने के लिए मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।चौधरी ने कहा कि गोरखपुर की धरती राजनीतिक और धार्मिक रूप से अत्यंत उर्वरक है, यही से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो बार प्रदेश का नेतृत्व किया और बीमारू प्रदेश को स्वस्थ प्रदेश बनाकर देश में उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनाई। उन्होंने यह भी कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को मोदी सरकार साकार कर रही है।इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने बैठक की अध्यक्षता की, संचालन जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन और शशांक मणि त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। आभार प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने जताया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के गोरखपुर आगमन पर गुरु गोरखनाथ एयरपोर्ट पर सांसद, विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर विभिन्न स्थानों तक कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े और पुष्प वर्षा के साथ ऐतिहासिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper