बाराबंकी। भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 12 जनवरी को लखनऊ से बाराबंकी होते हुए अयोध्या जाएंगे।भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ एवं अयोध्या से सटी सीमाओं के मध्य बाराबंकी में उनके अभूतपूर्व स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।तैयारियों की समीक्षा करने भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा गुरुवार को जिला कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भाजपा कोर कमेटी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं संग अलग अलग बैठकें करके आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष 12 जनवरी को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे हैं।इस दौरान वे लखनऊ से बाराबंकी होते हुए गुजरेंगे।उन्होंने बताया कि प्रथम आगमन पर जिले में अभूतपूर्व स्वागत की तैयारियां की गई हैं।उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष की रामलला की दर्शनार्थ यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए अवध क्षेत्र के 6 अन्य जिलों के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। तय रणनीति के अनुसार बाराबंकी अयोध्या हाइवे पर हैदरगढ़ और कुर्सी विधानसभा के कार्यकर्ता किसान पथ पर,सफेदाबाद में लखीमपुर के कार्यकर्ता, कुरौली स्थित एसके लॉन पर सीतापुर के कार्यकर्ता, चौकुला पर बाराबंकी सदर विधानसभा के कार्यकर्ता, लच्छबर बजहा में हरदोई के कार्यकर्ता, दादरा में उन्नाव, सफदरगंज चौराहे पर जैदपुर और रामनगर विधानसभा, नारायण ढाबा पर रायबरेली, अहमदपुर टोल प्लाजा एवं भिटरिया बाई पास में दरियाबाद विधानसभा के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। प्रत्येक विधानसभा से न्यूनतम 500 चौपहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है।इसके लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सभी विधायकों, जनप्रतिनिधियों ,पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नेताओं ,कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी। कोर कमेटी के साथ संपन्न हुई बैठक में एसआईआर को लेकर मंथन हुआ।उन्होंने ड्राफ्ट मतदाता सूची में छुटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर मॉनिटरिंग के दिशा निर्देश दिए।कहा युवा मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाकर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करना है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा, एमएलसी व जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत,विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, संतोष सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, अरविंद मौर्य, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, हरगोविंद सिंह, राम कुमारी मौर्य, संदीप गुप्ता मौजूद रहे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper