महिलाओं की सुरक्षा का सबसे बड़ा सवाल: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर हैं और महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार के सारे दावे झूठे साबित हो चुके हैं और ‘जीरो टॉलरेंस’ का नारा अब शून्य में बदल गया है। अखिलेश यादव ने मेरठ में मां पर हुए कथित कातिलाना हमले और बेटी को उठाकर ले जाने की घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देते-देते ऐसे मुकाम पर पहुंच गई है, जहां से उसकी वापसी संभव नहीं है, क्योंकि अपराधी उनके राज खोल देंगे। उन्होंने कहा कि जब सरकार से उम्मीद ही खत्म हो जाए, तो उससे बुरा कुछ नहीं होता और यह सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि महिला अपराध और साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर पहुंच गया है, जिसकी सीधी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोजाना महिलाओं के साथ हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं और हर पंद्रह दिन में दुष्कर्म जैसी शर्मनाक वारदातें हो रही हैं। पूरे प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार झूठे विज्ञापनों के जरिए चाहे जितने दावे कर ले, लेकिन सच्चाई को छुपाया नहीं जा सकता और प्रदेश की जनता 2027 में महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार और लूट की नीति के कारण प्रदेश में तरह-तरह के अपराध पनप रहे हैं। जो अपराध पहले स्थानीय समझे जा रहे थे, उनकी परतें खुलने पर वे राज्यव्यापी, फिर राष्ट्रव्यापी और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है, बल्कि उसे बढ़ावा मिला है और भाजपा शासन में ‘महा-माफिया राज’ कायम है, जो लोगों के घरों तक घातक रूप में पहुंच रहा है। अरबों की काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इसी वजह से भाजपा राज में जनता त्रस्त और अभागी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अपनी अंतिम पारी का अंतिम चरण खेल रही है और उसके ओवर अब पूरे हो चुके हैं, पूरी टीम मैच खत्म होने से पहले ही ऑल आउट होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.