लखनऊ। राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 2025-26 के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों के मूल्यांकन और समग्र समीक्षा के उद्देश्य से मिशन निदेशक पुलकित खरे ने आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (विश्व बैंक), महिला, अलीगंज, लखनऊ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन एवं विस्तृत अवलोकन करते हुए यह सुनिश्चित किया कि आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी और उच्च मानकों के अनुरूप संपन्न हो।निरीक्षण के क्रम में मिशन निदेशक ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनके ठहराव, प्रशिक्षण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में मिशन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रतिभागियों की कौशल-रुचि, अभ्यास की पद्धतियों और प्रतियोगिता को लेकर उनके आत्मविश्वास का भी आकलन किया। विशेष रूप से संस्थान में आयोजित इलेक्ट्रॉनिक्स स्किल्स से संबंधित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता की तैयारियों की उन्होंने विस्तारपूर्वक समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त और प्रभावी मंच प्रदान कर रही है। यह प्रतियोगिता न केवल युवाओं के कौशल को निखारने में सहायक है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता का आयोजन पूरी तरह पारदर्शी, अनुशासित और सुचारु ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रतिभागियों को सर्वोत्तम वातावरण मिल सके।भ्रमण के दौरान मिशन निदेशक ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया, जिससे वे राज्य का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने महिला आईटीआई अलीगंज द्वारा राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए इन्हें सराहनीय, अनुकरणीय और सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर तैयारी और समन्वय के माध्यम से यह प्रतियोगिता प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper