अयोध्या। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अयोध्या आगमन और स्वागत कार्यक्रम की गूंज मंगलवार को पूरे दिन राजनीतिक गलियारों में सुनाई देती रही। पार्टी कार्यालय सहादतगंज से लेकर महानगर के प्रमुख चौराहों तक कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इसी आयोजन की समीक्षा और चर्चा होती रही। अभूतपूर्व कार्यकर्ता जुटान को 2027 विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। कई दावेदारों ने अपनी सक्रियता और भीड़ के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन कर राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया। प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कार्यकर्ता को पार्टी की रीढ़ बताते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन में समर्पण और परिश्रम ही सर्वोपरि है। उनका यह संदेश कार्यकर्ताओं के बीच खासा चर्चित रहा और इसे आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। स्वागत कार्यक्रम में अपनाए गए अनोखे और भव्य तरीकों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। निषाद राज चौराहे पर पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय द्वारा किया गया स्वागत दिन भर चर्चा का केंद्र बना रहा। यहां प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत 251 किलो की विशाल माला से किया गया, जिसे उठाने के लिए क्रेन की सहायता लेनी पड़ी। इसके साथ ही पुष्पों से बनाई गई रंगोली ने प्रदेश अध्यक्ष का विशेष ध्यान खींचा। रंगोली में कलात्मकता के साथ राजनीतिक संदेश भी समाहित था, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं ने खूब सराहा। कुल मिलाकर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि उसने संगठन की ताकत, कार्यकर्ता उत्साह और आगामी चुनावी हलचल की झलक भी दिखा दी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper