2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के सभी सांसदों की बैठक मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की। सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में संविधान खतरे में है और देश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस ने हमेशा लोकतंत्र के साथ नाइंसाफी की है और संविधान के साथ धोखा किया है। भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है और केन्द्रीय तथा राज्य निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट में भारी अंतर इस साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह बेईमानी के रास्ते पर चल रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अन्याय, अत्याचार और जुल्म चरम पर हैं। सरकारी बजट का खुला बंदरबांट और लूट चल रही है तथा भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। भाजपा ने हर वर्ग को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मंदिरों को तोड़ा जा रहा है और जितने मंदिर इस सरकार में तोड़े गए हैं, उतने किसी राजा के कार्यकाल में भी नहीं तोड़े गए। उन्होंने कहा कि यह सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है और जनता के अधिकारों को कुचल रही है।
उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। इसके लिए सभी सांसदों को अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में दिन-रात एक कर मेहनत करनी होगी, जनता के सुख-दुःख में साथ रहना होगा और उनके मुद्दों के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के अन्यायपूर्ण शासन से प्रदेश को मुक्ति दिलाने और उत्तर प्रदेश से अराजकता समाप्त करने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को बहाल करना जरूरी है। सभी सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनपदीय स्तर पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें जनता के मुद्दे शामिल होंगे।सांसदों की बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एक धोखेबाज पार्टी है, जो हर वर्ग का अपमान कर रही है और अहंकार से भरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने शंकराचार्य का अपमान किया और महारानी अहिल्या बाई होल्कर को भी अपमानित किया। भाजपा सरकार काशी से महारानी अहिल्या बाई होल्कर के नाम, योगदान और विरासत को मिटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन के खिलाफ है और सनातनियों को अपमानित कर रही है। मुख्यमंत्री धृतराष्ट्र बन चुके हैं, उत्तर प्रदेश में सब कुछ बर्बाद हो रहा है, सनातन संस्कृति और विरासत को नष्ट किया जा रहा है, लेकिन सब कुछ देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए के अधिकार छीने जा रहे हैं और आरक्षण के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 के चुनाव की तैयारी में जुट जाएं, बूथ स्तर को मजबूत करें। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा। पीडीए के माध्यम से ही राजनीतिक और सामाजिक न्याय स्थापित होगा और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.