प्रयागराज। बहरिया विकास खंड में फर्जी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ग्राम प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला बहरिया थाना क्षेत्र के सिलोखरा गांव का है। ग्राम प्रधान पन्नालाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव के बलवंत कुमार धुरिया और आशुतोष कुमार धुरिया पुत्र जोखू लाल कहार जाति से संबंध रखते हैं, जो कि पिछड़ी जाति की श्रेणी में आती है।
आरोप है कि इन दोनों ने आपराधिक कूटरचना कर राजस्व कर्मियों को गुमराह किया और अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनवा लिया। वे इस फर्जी प्रमाण पत्र का उपयोग कर शासन द्वारा अनुसूचित जाति को प्रदत्त सुविधाओं और विशेष अधिकारों का लाभ उठा रहे थे। ग्राम प्रधान के अनुसार, दोनों आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने फर्जी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र लेकर उनके पास आए। इसी दौरान इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper