कुशीनगर, एनएचएम कर्मचारी संघ कुशीनगर के बैनर तले संविदा कर्मियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर बिलंब से मानदेय भुगतान किए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री व प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन डीएम एवं सीएमओ को सौंप कर तत्काल समस्या के समाधान कराए जाने की मांग किया है।
जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी को सौपे गए ज्ञापन में कर्मचारी संघ ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत प्रदेश में लगभग 1.50 लाख संविदा कर्मचारी तैनात हैं। जिनको माह जुलाई 2025 से मिलने वाले पारिश्रमिक, मासिक मानदेय का समय से भुगतान नहीं हो रहा है। एक माह का मानदेय दो माह अथवा उससे अधिक समय बीत जाने के उपरान्त प्राप्त हो रहा। एसएनए पोर्टल आने के बाद आये दिन ‘कभी लिमिट शून्य’ तो कभी बिल फेल’ या जनपद में “बजट की अनुपलब्धता” जैसे कारण बताये जाते हैं।
जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि मानदेय मिलने में लगातार विलम्ब के कारण अल्प वेतनभोगी संविदा कर्मचारियों को आर्थिक व मानसिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इस आर्थिक तंगी से परेशान होकर कुछ कर्मचारियों द्वारा आत्महत्या का भी प्रयास किये जाने की घटनाओं का सामने आना अत्यन्त दुःखद एवं चिंताजनक है। यह स्थिति न केवल अमानवीय है, बल्कि विभागीय व्यवस्था की गम्भीर विफलता को भी दर्शाती है। प्रांतीय संगठन द्वारा पिछले लगभग 6 माह में कई बार उच्चाधिकारियों से वार्ता व पत्राचार किये जाने के बावजूद भी मानदेय भुगतान व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने मांग किया कि एनएचएम के अन्तर्गत कार्यरत सभी संविदा कर्मचारियों का मानदेय प्रत्येक माह की 7 तारीख तक अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित कराया जाय। बिल फेल, लिमिट शून्य एवं बजट जैसी तकनीकी, प्रशासनिक समस्याओं के स्थाई समाधान हेतु स्पष्ट एवं बाध्यकारी दिशा-निर्देश जारी किये जाय। समस्त लम्बित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जाय। भविष्य में मानदेय विलम्ब की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिये समयबद्ध भुगतान एसओपी जारी किए जाय। मण्डल अध्यक्ष चन्द्रशेखर यादव उर्फ लड्ड़ू ने कहा कि संगठन यह भी अवगत कराना चाहता है कि यदि भविष्य में प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता है तो जनपद के समस्त संविदा कर्मचारियों के साथ नो पेय, नो वर्क की थीम पर कार्य बन्द कर जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के लिये बाध्य होगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में संयुक्त राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न उपाध्याय, व्यापार मण्डल जिला अध्यक्ष अमरनाथ पाण्डेय, डॉ वेद प्रकाश, डॉ अरविन्द कुमार, डॉ पवन बहादुर, महामंत्री राजू यादव, डॉ सीमा आफताब, डॉ आफताब आलम, मुस्ताक अहमद, विशाल जायसवाल, दीपक दुबे, विवेक यादव, अरमान अहमद, निशिकान्त सिंह, विनोद यादव, आर एस वर्मा, डीपीएम सिद्धनाथ तिवारी, निशांत मिश्रा एवं जिला अस्पताल, सीएचसी- पीएचसी के सैकड़ों कर्मचारी शामिल रहे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper