लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कल प्रदेशव्यापी ‘मनरेगा बचाओ पदयात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी द्वारा जारी आंदोलन की रूपरेखा के अनुसार मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराने की मांग को लेकर यह पदयात्रा प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ निकाली जाएगी। कांग्रेस ने इसे ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ का महत्वपूर्ण चरण बताया है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री ने कहा कि जननायक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का संकल्प है कि ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों के आर्थिक और सामाजिक अधिकारों की इस लड़ाई को अंतिम पड़ाव तक लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और श्रमिकों के जीवनयापन का महत्वपूर्ण आधार है, जिसे कमजोर करने का हर प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सीधा आघात है।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के बजट में कटौती और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं से मजदूरों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस इस योजना को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराने के लिए व्यापक जनआंदोलन चलाएगी।पार्टी के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी पदयात्राओं में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय स्वयं राजधानी लखनऊ में आयोजित पदयात्रा में भाग लेंगे। कांग्रेस ने इसे ग्रामीण श्रमिकों के हक और सम्मान की लड़ाई बताते हुए व्यापक जनसमर्थन की अपील की है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper