सुल्तानपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के आवाहन एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सुल्तानपुर में कांग्रेसियों ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जोरदार पदयात्रा निकाली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व ब्लॉक अध्यक्ष रामभवन पांडेय के नेतृत्व में सदर विधानसभा (जयसिंहपुर) क्षेत्र में निकली इस पदयात्रा में कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिकों और महिलाओं की भागीदारी रही। पदयात्रा का शुभारंभ जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बगिया चौराहे से हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं औऱ जॉब कार्ड धारकों ने हाथों में मनरेगा बचाओ संग्राम का बैनर महात्मा गांधी की फ़ोटो और कांग्रेस का झंडा लेकर मनरेगा के समर्थन में नारेबाजी की। बगिया चौराहे से शुरू हुई यात्रा सदरपुर जयसिंहपुर गाँव कान्हापुर सुकुलबिजौली होते हुए जयसिंहपुर तहसील मुख्यालय पहुंची, जहां नुक्कड़ सभा के साथ पदयात्रा का समापन हुआ। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य बीपी सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। जनपद की विधानसभा कादीपुर सुल्तानपुर व सदर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेसियों ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत पदयात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया और मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने के खिलाफ आवाज बुलंद की। सुल्तानपुर 188 विधानसभा की पदयात्रा जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से सुपर मार्केट डाकखाना चौराहा गन्दानाला अस्पताल चौराहा रोडवेज बस स्टेशन से विकास भवन के सामने से होते हुए पंत स्टेडियम होकर लाल डिग्गी चौराहे तक निकाली गई, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के हक पर डाका डाल रही है। मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं हो रहा, बजट में कटौती की जा रही है और काम के अवसर घटाए जा रहे हैं। कांग्रेस यह अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मनरेगा के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और तेज करेगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper