कोलकाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स अब जांच एजेंसियां नहीं, बल्कि भाजपा के संगठन के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जिस राज्य में राजनीतिक रूप से नहीं लड़ पाती, वहां इन एजेंसियों को आगे कर देती है। अखिलेश यादव ने यह बातें मंगलवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं।अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को बधाई देते हुए कहा कि दीदी की हिम्मत, तृणमूल कांग्रेस और उसके कार्यकर्ताओं को बधाई दी जानी चाहिए, जो पूरी जिम्मेदारी के साथ जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरा महाराष्ट्र का चुनाव ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के सहारे लड़ा और उन्हीं के बल पर जीत हासिल की। उन्होंने एसआईआर को लेकर कहा कि एसआईआर ही एनआरसी है और इसके माध्यम से देश के लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पहले वोट चोरी की बात होती थी, लेकिन अब वोट काटने और डिजिटल डकैती की कोशिशें हो रही हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की डिजिटल डकैती को रोक दिया है। भाजपा डेटा की डकैती करना चाहती थी, लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है, संविधान और कानून को नहीं मान रही है और तानाशाही रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में केवल ममता बनर्जी ही हैं जो भाजपा का सीधा और मजबूत मुकाबला कर रही हैं और इसी तरह के संघर्ष से भाजपा को हराया जा सकता है।उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जितनी तकलीफ और परेशानी दे सकती है, उतनी दे रही है। भाजपा का रवैया पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें खुशी है कि ममता बनर्जी ने ईडी को हरा दिया है। भाजपा पेन ड्राइव के ‘पेन’ यानी दर्द को सहन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर एनआरसी लागू करने जैसी स्थिति बना रहे हैं और आम जनता को परेशान कर रहे हैं। उनका मकसद पश्चिम बंगाल में ज्यादा से ज्यादा वोट काटना है।अखिलेश यादव ने कहा कि पहले जब चुनाव आते थे तो चुनाव आयोग मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करता था, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अभियान चलाए जाते थे, लेकिन अब स्थिति उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध है और ममता बनर्जी को बेवजह परेशान किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को पश्चिम बंगाल की जनता पर पूरा भरोसा है। जनता के दिल में ममता बनर्जी के प्रति प्यार और विश्वास है और वही फिर से सरकार बनाएंगी। भाजपा की लड़ाई तो हारने की लड़ाई है। बंगाल की जनता भाजपा को हराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की सेक्युलर सोच से खिलवाड़ कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं के साथ मिलकर वोट काटने का काम कर रही है। यही काम उत्तर प्रदेश में भी किया गया है, लेकिन नफरत और विभाजन की राजनीति करने वाली भाजपा कभी सफल नहीं होगी। अखिलेश यादव ने दोहराया कि पश्चिम बंगाल पूरी तरह ममता बनर्जी के साथ है और समाजवादी पार्टी का पूरा समर्थन उनके साथ है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper