अयोध्या पहुंचे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू..


अयोध्या। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू रविवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम पर आगमन के उपरांत मुख्यमंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर पहुंचे। वहां उन्होंने यज्ञशाला में चल रहे अनुष्ठान में सहभाग किया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने श्रीराम लला के दर्शन-पूजन कर देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सम्पूर्ण मन्दिर निर्माण को उत्सुकता से देखा और उसकी वास्तुकला, शिल्प तथा व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने राममन्दिर को भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बताया। श्रीराम लला के दर्शन-पूजन के उपरांत चंद्रबाबू नायडू ने मन्दिर परिसर में अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रभु श्रीराम के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन कर लोककल्याण की कामना की। इस अवसर पर योगी सरकार में कृषि मंत्री एवं जनपद अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का औपचारिक अभिनंदन एवं शिष्टाचार भेंट की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी अतिथियों के लिए दर्शन और सुरक्षा-व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.