उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर:अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके हैं। प्रदेश में हत्या, लूट, चोरी, डकैती और बलात्कार की घटनाएं रोज हो रही हैं। हर विभाग और हर कार्य में लूट मची हुई है। भाजपा सरकार अपराध और भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कानून व्यवस्था, अपराध और भ्रष्टाचार पर सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावे पूरी तरह खोखले हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की वास्तविक स्थिति को झूठे आंकड़ों और झूठे दावों के जरिए छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीतापुर में सेवानिवृत्त लेखपाल के घर परिवार को बंधक बनाकर 17 लाख रुपये की डकैती हुई, अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी आश्रम में दिनदहाड़े एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जबकि एटा जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण देना और उनके कारनामों में साझेदारी करना ही भाजपाइयों और पुलिस की असली कहानी बन चुकी है।सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के रहते न तो अपराध रुक सकता है और न ही भ्रष्टाचार। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी और भ्रष्टाचारी सत्ताधारी दल से जुड़े हुए हैं और पुलिस के संरक्षण में खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध और साइबर अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर जाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। कई जिलों में पानी की टंकियां टूटकर ध्वस्त हो गईं, जो घटिया निर्माण और कमीशनखोरी का प्रमाण हैं। चित्रकूट में कोषागार से 43 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला सामने आया, जबकि गोंडा में यूपी को-ऑपरेटिव बैंक में 21 करोड़ रुपये से ज्यादा का घपला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मां गंगा की सफाई के नाम पर भी बजट का बड़े पैमाने पर बंदरबांट किया गया।उन्होंने कहा कि कोडीन कफ सिरप का मामला अब देशव्यापी घोटाले के रूप में सामने आ चुका है। जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तब से प्रदेश में चारों ओर भ्रष्टाचार, घोटाले और सरकारी धन की खुली लूट चल रही है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, लूट और खराब कानून व्यवस्था से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर उत्तर प्रदेश को कुशासन से मुक्त करेगी और एक बार फिर प्रदेश में कानून व्यवस्था, सामाजिक न्याय और विकास का रास्ता प्रशस्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.