एसआईआर को लेकर सियासी घमासान हुआ तेज


अयोध्या। एसआईआर को लेकर एक बार फिर से सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सरकार और चुनावी तंत्र पर सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को शाने अवध सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन ने कहा कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर फॉर्म भरकर समय से जमा किया था, उनके नाम भी मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, जो बेहद गंभीर मामला है। पवन पांडेय ने आरोप लगाया कि बीएलओ मतदाताओं को समय पर नोटिस नहीं दे रहे हैं। नोटिस देने में जानबूझकर देरी की जा रही है, जिससे मतदाताओं के जवाब देने की समय-सीमा समाप्त हो जाती है। उन्होंने कहा कि कई जगह बीएलओ नोटिस दबाकर रखे हुए हैं, जिससे आम मतदाता अपने अधिकार से अनजान रह जाता है। उन्होंने मांग की कि सभी बीएलओ मतदाताओं के घर तक नोटिस पहुंचाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मतदान अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में था और जिन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मतदान किया, आज उन्हीं मतदाताओं के नाम एसआईआर फॉर्म भरने के बावजूद काटे जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने मामले में निष्पक्ष जांच और तत्काल सुधार की मांग की है। इस मौके पर सपा के नि. महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव नि. महासचिव हामीद जाफर मीसम, मुकेश यादव व प्रवक्ता राकेश यादव भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.