भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है:

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का सोमवार को लखनऊ और बाराबंकी जिलों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साह और गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदेमातरम्, भाजपा जिंदाबाद और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण को समर्पित कार्यकर्ताओं का एक विशाल परिवार है। संगठन की वास्तविक शक्ति उसका कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी एक साधारण कार्यकर्ता रहे हैं और पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और कार्यकर्ताओं के सहयोग से निभाएंगे।उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल एक चुनाव नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी राजनीति की निरंतरता का संकल्प है। अब प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करते हुए जनसंपर्क और जनविश्वास की इस लड़ाई में पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाना होगा।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार गरीब, किसान, श्रमिक, महिला और युवा सरकारी योजनाओं के केंद्र में आए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ केंद्र सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचा रही है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिससे प्रदेश तेजी से प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें न देश का विकास रास आता है और न ही गरीब कल्याण की योजनाएं। विपक्ष केवल भ्रम, झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करता है, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता हर झूठ का जवाब सच्चाई, सेवा और संगठन की ताकत से देगा। कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह, सम्मान और उत्साह संगठन की असली शक्ति है और यही ऊर्जा भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और वरिष्ठ नेता नीरज सिंह के नेतृत्व में डालीबाग स्थित नैमिषारण्य गेस्ट हाउस में भव्य रूप से किया गया। शंखनाद, स्वस्तिवाचन, मंत्रोच्चार, मालाओं, पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। प्रातः 8 बजे से ही गेस्ट हाउस परिसर में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा था और पूरे कार्यक्रम के दौरान जबरदस्त उत्साह देखने को मिलाकैंट और सरोजिनी नगर विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के बाद हजारों कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ प्रदेश अध्यक्ष समता मूलक चौराहे पहुंचे, जहां पश्चिम विधानसभा और मध्य विधानसभा की ओर से अंजनी श्रीवास्तव और रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उत्तर विधानसभा क्षेत्र में वेव मॉल के सामने नीरज बोरा और विधायक ओपी श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंच सजा कर अभिनंदन किया गया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी हाथों में फूल-मालाएं लिए स्वागत के लिए खड़े नजर आए।लखनऊ महानगर के तीनों स्थानों पर भव्य स्वागत के पश्चात सभी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता कार काफिले के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ अयोध्या के लिए रवाना हुए।इसके बाद बाराबंकी जिले में प्रदेश अध्यक्ष का अभूतपूर्व स्वागत हुआ। किसान पथ के निकट शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला भिटरिया बाईपास तक लगातार चलता रहा। दर्जनों स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। कई स्थानों पर बुलडोजर पर सवार कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई और राष्ट्रवादी जयघोष गूंजते रहे। किसान पथ से शुरू होकर सफेदाबाद, एसके मैरिज लॉन, लक्ष्बर बजहा, दादरा, सफदरगंज चौराहा, कोटवा सड़क, अहमदपुर टोल प्लाजा, भिटरिया बाईपास और नारायण ढाबा के पास स्वागत कार्यक्रम संपन्न हुआ।इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह सहित उपेंद्र सिंह रावत, लल्लू सिंह, शरद अवस्थी, संतोष सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, शशांक कुसुमेश, अरविंद मौर्य, हरगोविंद सिंह, अमरीश रावत, राम कुमारी मौर्य, प्रवासी राजकिशोर मौर्य, विजय आनंद बाजपेई और जगदीश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.