भाजपा की नाकामी का प्रमाण: अखिलेश यादव,


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डॉलर के मुकाबले रुपये की लगातार गिरावट को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि अब तक के इतिहास में रुपये का इस स्तर तक कमजोर होना इस बात का साफ प्रमाण है कि अर्थव्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार द्वारा पेश किए जा रहे सभी आंकड़े और दावे पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत हैं। सरकार जमीनी हकीकत छिपाने की कोशिश कर रही है, लेकिन रुपये की गिरावट ने उसकी पोल खोल दी है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इस सच्चाई को नकार भी नहीं सकती कि रुपये की यह बदहाली बेहद कमजोर और नाकाम सरकार की देन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रुपया गिरने और सरकार के बीच जो अनोखा आर्थिक सिद्धांत गढ़ा गया है, वह भाजपा की ही देन है। देश की आर्थिक स्थिति यह बता रही है कि सरकार के फैसले कितने खोखले और जनता विरोधी हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार गिरता जा रहा है और इस गिरावट ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी की कमर टूट चुकी है। भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण किसान, नौजवान, व्यापारी, कर्मचारी हर वर्ग परेशान है। जनता को अच्छे दिन दिखाने वाले वादों की सच्चाई अब सामने आ चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जाए तो रुपया मजबूत हो जाए, क्योंकि भाजपा की नीतियां ही रुपये को कमजोर कर रही हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। हर स्तर पर अवैध कारोबार फल-फूल रहा है और नकली व मिलावटी सामान खुलेआम बिक रहा है। इस सरकार ने आम लोगों का जीवन संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा माफियाओं के अवैध कारोबारों को संरक्षण दे रही है, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और माफिया एक-दूसरे के पूरक बन चुके हैं। भाजपा ने हर जिले में माफिया पैदा किया है और सत्ता के संरक्षण में ये माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं। इनसे आम जनता ही नहीं, बल्कि अधिकारी और कर्मचारी भी दहशत में हैं। कहीं भू-माफियाओं का आतंक है तो कहीं कफ सिरप जैसे अवैध कारोबार से जनता की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। न अर्थव्यवस्था संभल पा रही है, न महंगाई पर नियंत्रण है और न ही कानून-व्यवस्था पर। अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में भाजपा को उसकी नीतियों का जवाब जरूर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.